रविवार, 22 मई 2011

"डलहौजी,खजियार और चंबा की मधुर-यात्रा"


डलहौजी,खजियार और चंबा पर्यटन की दृष्टि से हिमाचल के  स्वप्निल स्थल हैं, जहां देवलोक की कल्पनाएं साक्षात्‌ उभरती प्रतीत होती हैं, जो आज भी अपने अंदर अपनी विरासत के साथ-साथ नैसर्गिक सौंदर्य को बचाये रखने में सफल है। अगर आप अपने जीवन के रूखेपन, शहर की भीड़ और आधुनिक चकाचौंध से तंग हैं तो बड़ी आसानी से और सस्ते में जीवन को प्राकृतिक रंगों से भर सकते हैं। आइये आज मैं आपको इस यात्रा के सन्दर्भ में कुछ अपने दृष्टिकोण से परिचय करते हुए यहाँ का विस्तृत जानकारी प्रदान करता हूँ....

हिमाचल प्रदेश का छोटा सा शहर डलहौजी कुदरत के खूबसूरत नजारों के लिए दुनिया भर में जाना जाता है। घास के मैदान के रूप में जाना जाने वाला खजियार प्राकृतिक सौंदर्य के साथ ही धार्मिक आस्था की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। जबकि धार्मिक आस्था, कला, शिल्प, परंपराओं और प्राकृतिक सौंदर्य को अपने आंचल में समेटे चंबा हिमाचल की सभ्यता और संस्कृति का जीवंत प्रतीक है।
डलहौजी, खजियार और चंबा, इन तीनों जगहों की अपनी अलग-अलग विशेषताएं हैं। डलहौजी की गिनती अंग्रेजों के समय से ही एक शांत सैरगाह के रूप में होती है। खजियार हरे-भरे जंगल के मध्य फैले घास के मैदान के लिए प्रसिद्ध है और चंबा ऐतिहासिक व धार्मिक महत्व वाला पर्वतीय नगर है। 

पांच पहाडि़यों पर बसे शहर डलहौजी की यात्रा:-
जिस प्रकार हिमाचल प्रदेश के शिमला नगर को बसाने का श्रेय लेफ्टिनेंट रास (1819) व ले. कैंडी 1821 को जाता है। उसी तरह डलहौजी जैसे जंगली क्षेत्र को लार्ड डलहौजी (1854) ने बसाकर अंग्रेजों की ठण्डे पहाड़ और एकांत स्थल में रहने की इच्छा को पूरा किया।
सन् 1850 में चंबा नरेश और ब्रिटिश शासकों के बीच डलहौजी के लिए एक पट्टे पर हस्ताक्षर हुए थे। लार्ड डलहौजी यहां रहने वाले पहले व्यक्ति थे। उन्हीं के नाम पर इस स्थान का नाम डलहौजी रखा गया।समुद्रतल से 2039 मीटर ऊंचाई पर स्थित डलहौजी 13 किमी में फैला एक ऐसा हरयावल टापू है जहां कुछ दिन गुजारना स्वयं में अनोखा अनुभव है। पांच पहाडिय़ों बेलम, काठगोल, पोटरेन, टिहरी और बकरोता से घिरा डलहौजी सुन्दर और स्वच्छ शहर है। यहां हिन्दी, पंजाबी, तिब्बती और अंग्रेजी भाषी लोग रहते हैं।डलहौजी देवदार के घने जंगलों में घिरा हिमाचल का प्रमुख पर्यटक स्थल है। यहां की ऊंची-नीची पहाडिय़ों पर घूमते हुए पर्यटक रोमांचित हो उठता है। पहाडिय़ों के बीच कल-कल बहती चिनाब, ब्यास और राबी नदियां, दूर-दूर तक फैली बर्फीली चोटियां डलहौजी की रमणीयता को चार चांद लगा देती है। पंडित जवाहर लाल नेहरू को डलहौजी बहुत पसंद था। वे इसे हिमाचल की गुलमर्ग कहते थे।
डलहौजी में जहां कई दर्शनीय स्थल है वहीं यहां देस के जाने-माने लोगों की यादें रची बसी है। सन् 1883 में देश के महान कवि एवं शिक्षक गुरुवर रविन्द्रनाथ टैगोर यहां रहे थे और उन्होंने डलहौजी के नैसर्गिक सौंदर्य पर मुग्ध होकर एक कविता लिखी थी। सन् 1925 में स्व. जवाहर लाल नेहरू अपने परिवार के साथ यहां रायजादा हंस राज की कोठी में ठहरे थे।
निकटतम हवाई अड्डा- कागंरा से 140 किमी, अमृतसर से 192 व जम्मू से 190 किमी। रेल्वे स्टेशन- पठानकोट से 80 किमी। सड़क मार्ग- दिल्ली चंडीगढ़, पठानकोट, शिमला आदि स्थानों से नियमित बसें उपलब्ध। डलहौजी में कहां ठहरें-डलहौजी में समस्त सुविधाओं से युक्त डीलक्स पांच सितारे होटलों से लेकर मध्यम श्रेणी वाले होटलों तथा गेस्ट हाउसों की श्रृंखला उपलब्ध है। 
डलहौजी की यात्रा करने का  उपयुक्त समय - अप्रैल से नवंबर तक है |

डलहौजी में कदम रखते ही सैलानी प्राकृतिक नजारों में खो जाते हैं और यहां आकर उन्हें आनन्द की अनुभूति होती है। यहां आने वाले सैलानियों को कभी गगनचुंबी पर्वत आकर्षित करते हैं तो कभी घाटियों के सीने पर बने कलात्मक घर। कभी झरनों का संगीत उन्हें मदमस्त कर देता है तो कभी शीतल हवा के झोंके ताजगी का एहसास कराते हैं। प्रकृति के जिस अनूठे सौंदर्य ने अंग्रेज वायसराय लॉर्ड डलहौजी को प्रभावित किया था, वही सौंदर्य आज भी सैलानियों को लुभाता है। धौलाधार पर्वत श्रृंखला के साये में पांच पहाडि़यों पर बसा है यह शहर। चीड़ और देवदार के ऊंचे वृक्ष हरे रंग के अलग-अलग शेड दर्शाते हैं। जिन्हें छू कर आती सुहानी हवा यहां की जलवायु को स्वास्थ्यव‌र्द्धक बनाती है। यही शीतल जलवायु गर्मियों में सैलानियों को अपनी ओर खींचती है तो सर्दियों में चारों ओर फैली हिम चादर उन्हें मोहित करती है। उस समय घरों की छत पर पेड़ों की टहनियों पर लदी बर्फ एक अलग ही मंजर पेश करती है। 1853 में अंग्रेजों ने यहां की जलवायु से प्रभावित होकर पोर्टि्रन, कठलोश, टेहरा, बकरोटा और बलून पहाडि़यों को चंबा के राजाओं से खरीद लिया था। इसके बाद इस स्थान का नाम लॉर्ड डलहौजी के नाम पर डलहौजी रख दिया गया। बलून पहाड़ी पर उन्होंने छावनी बसाई, जहां आज भी छावनी क्षेत्र है। शहर मुख्यत: पौर्टि्रन पहाड़ी के आसपास बसा है।

सुभाष चौक:-
यह यहां का छोटा सा प्वाइंट है, जहां तमाम पर्यटक जुटते हैं। पहाड़ी के किनारे पर सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा लगी है। अपने जीवन के कुछ दिन उन्होंने डलहौजी में बिताए थे। प्रतिमा के आसपास रोलिंग तथा कुछ बेंच लगे हैं। यहां से आसपास की पहाडि़यों के अलावा पंजाब के मैदानी क्षेत्र के दृश्य भी नजर आते हैं। यहां खड़े सैलानी सर्द मौसम की खिली धूप का आनंद लेते हैं। यहां एक चर्च भी है। डलहौजी का ऐसा ही दूसरा प्वाइंट है गांधी चौक। सुभाष चौक से गांधी चौक जाने के लिए दो मार्ग हैं। इनमें एक गर्म सड़क कहलाता है और दूसरा ठंडी सड़क। गर्म सड़क सन फेसिंग है। वहां अधिकांश समय धूप रहती है। जबकि ठंडी सड़क पर सूर्य के दर्शन कम ही होते हैं। हिमपात के दिनों में इधर बर्फ भी देर से पिघलती है। ठंडी सड़क को माल रोड भी कहते हैं।

सुभाष बावली:- 
आजाद हिन्द फौज के कर्मठ नेता सुभाष चन्द्र बोस के खिलाफ कलकत्ता की प्रेसीडेंसी जेल में विष देकर उन्हे मार देने का अंग्रेजों द्वारा सुनियोजित षडय़ंत्र चलाया जा रहा था। जब ब्रिटिश सरकार को उनकी बीमारी की सूचना मिली। तब उन्हें कुछ समय के लिए पैरोल पर रिहा किया गया। डलहौजी में नेता सुभाष बावली है। इसके पास ही नेता जी की याद में सुभाष चौक बनाया गया है। डलहौजी से यह स्थान एक किलोमीटर दूर है।

गांधी चौक:-
गांधी चौक पर तो घुमक्कड़ लोगों का जमघट ही लगा रहता है। यहां डलहौजी का मुख्य डाकघर होने के कारण इसे पहले जीपीओ स्क्वेयर कहते थे। डाकघर के सामने ही गांधी जी की प्रतिमा है। इसके पीछे एक चर्च है। गांधी चौक पर भी छोटा सा बाजार, कुछ रेस्टोरेंट और फास्ट फूड पार्लर आदि हैं। यहीं एक ओर कतार में कुछ घोड़े भी खड़े रहते हैं, जो लोगों की घुड़सवारी का शौक पूरा करते हैं। चौक से थोड़ा आगे तिब्बती बाजार है। यहां एक टैक्सी स्टैंड है, जहां आसपास की घुमक्कड़ी के लिए टैक्सियां मिल जाती हैं।

सतधारा, पंजपुला और जंदरी घाट:-
सतधारा, पंजपुला, सुभाष बाओली और जंदरी घाट जैसे दर्शनीय स्थल निकट ही हैं। स्थानीय लोग बताते हैं कि सतधारा में पहले कभी जल की सात धाराएं झरने के रूप में बहती थीं और इसका जल औषधीय गुणों से युक्त होता था। आज यहां साधारण सी एक जलधारा बहती है। सतधारा से एक किलोमीटर दूर पंजपुला है। यह एक छोटा सा पिकनिक स्पॉट है। यहां से एक पैदल मार्ग धर्मशाला की ओर जाता था। उस मार्ग पर पांच पुल थे। सैलानियों को यह मार्ग बहुत सुंदर लगता था। इसलिए उन्होंने इसे पंजपुला कहना शुरू कर दिया। पंजपुला में स्वतंत्रता सेनानी अजीत सिंह की समाधि भी है। सुभाष चंद्र बोस के सहयोगी रह चुके सरदार अजीत सिंह शहीद भगत सिंह के चाचा थे। जिस दिन देश स्वतंत्र हुआ उसी दिन यहां उनका देहांत हो गया था। यहां आने वाले पर्यटक उस महान सेनानी को श्रद्धासुमन अर्पित करना नहीं भूलते। गांधी चौक से एक मार्ग सुभाष बाओली और जंदरीघाट के लिए जाता है। सुभाष बाओली का यह नाम इसलिए पड़ा क्योंकि डलहौजी प्रवास के दौरान नेताजी इस बाओली पर प्राय: आते थे। आज यहां एक छोटा सा जल स्त्रोत है, किंतु यहां से हिमाच्छादित पर्वतों के मनभावन दृश्य देखते ही बनते हैं। एक किलोमीटर दूर जंदरीघाट है। यहां की दृश्यावली में शामिल हैं छोटे-छोटे गांव, ढलानों पर बने सीढ़ीनुमा खेत, ऊंचे वृक्षों की लंबी कतारें। चंबा के राजाओं ने यहां एक छोटा सा महल भी बनवाया है। यह महल पर्वतीय वास्तु शैली में ढलवां छतों वाले विशाल घर के समान बना है। इसके सामने एक सुंदर उद्यान है। महल में ऐतिहासिक वस्तुओं और चित्रों का अच्छा संग्रह है। राजघराने की निजी संपत्ति होने के कारण पर्यटक इसे केवल बाहर से ही देख पाते हैं।

चट्टानों पर भित्तिचित्र:-
गांधी चौक मार्ग की पहाड़ी चट्टानों पर सुंदर भित्तिचित्र बने हैं। ये भित्तिचित्र तिब्बती बौद्ध धर्मावलंबियों ने बनवाए हैं। इन चित्रों का सुंदर ढंग से संयोजन किया गया है। इनके पास फहराती धर्म पताकाएं स्वत: ही सैलानियों को अपनी ओर आकर्षित कर लेती हैं। डलहौजी में बसे तिब्बतियों के लिए ये चित्र आस्था के प्रतीक हैं। तिब्बत से पलायन के बाद धर्मशाला से पहले दलाईलामा कुछ समय डलहौजी में भी रुके थे। तब से कई तिब्बती परिवार यहां रहते हैं। लगभग 150 वर्ष पूर्व यह क्षेत्र चंबा के राजाओं के आधिपत्य में था। उसके बाद अंग्रेजों के प्रभाव में रहा। आजादी के बाद यह पर्यटन स्थल के रूप में प्रसिद्ध हो गया। गांधी चौक के निकट ही रघुनाथ मंदिर है। सड़कों के निकट स्थित घरों को ज्यादातर लोगों ने होटलों में तब्दील कर लिया है। पर्यटकों के साथ ही यहां नया फैशन भी पहुंचता है। इसका असर युवाओं पर देखा जा सकता है। यहां दो-तीन छोटे बाजार हैं।


कालाटोप:- 
पर्यटकों के लिए डलहौजी से आठ किमी दूर और समुद्रतल से 2440 मीटर ऊंचाई पर स्थित कालाटोप सर्वोत्तम पिकनिक स्थल है। कालाटोप के प्राकृतिक दुश्य बड़े मनोरम लगते हैं। यहां भौंकने वाला हिरण और काले भालू देखने को मिलते हैं। कालाटोप तक पहुंचने के लिए सड़क मार्ग और रहने के लिए वन विभाग का विश्राम गृह है। कालाटोप नामक वन्य प्राणी संरक्षण वन है। यहां घूमने के लिए वन विभाग से अनुमति प्राप्त करके जाना चाहिए। यहां के सघन वनों में तमाम वन्य जीवों तथा पक्षियों को स्वच्छंद विचरण करते देखा जा सकता है।


डलहौजी के अन्य दर्शनीय स्थल:-
डलहौजी का सबसे ऊंचा स्थान दैनकुंड यहां से 10 किलोमीटर दूर है। यहां से आसपास का विहंगम दृश्य देखा जा सकता है। ऊंचे वृक्षों वाले वनों में जब हवा अपने वेग से चलती है तो वातावरण में संगीत सा बजता सुनाई देता है। इसलिए इसे संगीतमय पहाड़ी भी कहा जाता है। बताते हैं कि मौसम साफ हो तो यहां से व्यास, चिनाब और रावी नदी घाटियों का सुंदर दृश्य भी नजर आता है। 


खजियार की यात्रा:-
मिनी स्विटजरलैंड के नाम से विख्यात पर्यटन नगरी खजियार (डलहौजी) की खूबसूरती वास्तव में देखते ही बनती है | खजियार को विश्व का 160 वां मिनी स्विटजरलैंड होने का गौरव प्राप्त है। डलहौजी सेखजियार 27 किमी दूर है। लगभग डेढ़ घंटे के सफर के बाद खजियार पहुंचा जा सकता है । ज्यादातर सैलानी पैकेज टूर के तहत खजियार घूमने आते हैं। यहां ठहरने वालों की संख्या कम होती है, इसलिए यहां होटल भी कम हैं।

छोटे से पठार पर स्थित खजियार घास का तश्तरीनुमा एक विशाल मैदान है। इसके चारों ओर चीड़ और देवदार के ऊंचे वृक्ष प्रहरी के समान खड़े हैं। घास के ढलवां मैदान के मध्य एक छोटी सी झील है। इससे इसका सौंदर्य और निखरता है। जहां तक नजर जाती है, हर तरफ हरियाली का ही साम्राज्य है। यहां आने वाले सैलानी सौम्य प्रकृति के सम्मोहन से बच नहीं पाते।

खजियार में दर्शनीय स्थल:-

खजियार में स्थित खच्चीनाग मंदिर;-
पर्वतीय शैली में स्लेट पत्थर की बनी छत वाला यह मंदिर उत्तर गुप्तकालीन है। मंदिर में खच्चीनाग की प्रतिमा है। मंडप में लकड़ी की बनी पांडवों की प्रतिमाएं भी हैं। अज्ञातवास के दौरान पांडवों ने कुछ समय यहां भी बिताया था। इसके सन्दर्भ में लोक कथा है कि एक बार यहां एक महात्मा आए। उन्हें ज्ञात हुआ कि यह छोटी सी झील अत्यंत गहरी है और इसमें देवताओं का वास है। उत्सुकतावश झील की गहराई नापने के लिए वह घास की रस्सी बनाने में जुट गए। वह एक वर्ष तक रस्सी बनाते रहे, फिर भी झील की गहराई नहीं नाप सके। इससे उन्हें बेहद निराशा हुई। महात्मा की लगन देख झील के देवता एक नाग के रूप में प्रगट हुए और उन्होंने बताया कि यह झील पाताल तक गहरी है। तश्तरीनुमा घाटी को तप योग्य उचित स्थान मानकर महात्मा ने देवता से इस घाटी का अधिकार मांगा। प्रत्युत्तर में देवता ने कहा, मैं तुम्हें घाटी का स्वामित्व तो नहीं दे सकता, लेकिन तुम जब तक चाहो यहां ‘खा’ और ‘जी’ सकते हो। खाने तथा जीने का अधिकार देने वाले नाग देवता के प्रति श्रद्धावश महात्मा ने यहां एक मंदिर बनाकर उसमें ‘खाजीनाग’ की प्रतिमा स्थापित की। इसी आधार पर इस जगह का नाम खाजीनाग पड़ गया। यही समय के साथ बदलते हुए खजियार कहलाने लगा। आज मंदिर के आसपास कुछ होटल और रेस्टोरेंट भी बन गए हैं।

खज्जर झील (खजियार):-
डलहौजी से 22 कि.मी. की दूरी पर डेढ़ कि.मी. से अधिक लम्बी तथा लगभग एक कि.मी. से अधिक चौड़ी तश्तरीनुमा खज्जर झील है। चीड़ और देवदार के पेड़ों से घिरी इस झील का हरी घास से ढका लादी मार्ग झील को बहुत आकर्षक बना देता है। गोल्फ के मैदान और सुनहरी गुबंद का मंदिर बड़ा अच्छा लगता है। खजियार क्षेत्र की प्राकृतिक सुषमा में झील के मध्य तैरते हुए द्वीप पर बना मंदिर दर्शनीय है। यहां आसपास जंगलों में चीते, तेंदुए, सूअर, भालू एवम् कस्तूरी मृग देखे जा सकते हैं। यहां आवास की भी व्यवस्था है।







चंबा की यात्रा:-
चंबा  डलहौज़ी से ५६ किमी  दूर है  सैलानी डलहौज़ी से चंबा दिन भर घूम कर भी शाम को वापस डलहौज़ी आ सकते है खाजिअर से चंबा केवल ४३ किमी दुरी पर है| यहाँ के रजा साहिल वर्मा नेअपनी पुत्री राजकुमारी  चम्पावती  के नाम पर इस शहर  को बसाया था| 
खजियार से चंबा के लिए सुबह एक ही बस जाती है। डलहौजी से चंबा जाने के दो मार्ग हैं। खजियार होकर जाने वाले मार्ग के ग्रामवासी चंबा जाने के लिए पूरी तरह इसी बस पर निर्भर हैं। दूसरी बस शाम के समय जाती है। किसी कारण बस रद्द हो जाने पर लोगों को अपने काम अगले दिन के लिए टालने पड़ते हैं। पहाड़ों के कठिन जीवन का यह भी एक पहलू है। पश्चिमी हिमालय की उपत्यकाओं के मध्य बसा चंबा भौगोलिक रूप से ऐसे क्षेत्र में है, जहां बाण और दयार के ऊंचे वृक्षों की सघनता, उन पर विचरते नभचरों की स्वरलहरियां और नदी व झरनों की थिरकती जलधाराएं अपनी भव्यता से हर ओर नैसर्गिक रंगीनियां बिखेरती हैं। समुद्र तल से 3200 फुट की ऊंचाई पर स्थित चंबा की पृष्ठभूमि में निश्चल खड़ी हैं धौलाधार और पंगीधार की बीस हजार फुट से भी ऊंची कई पर्वत चोटियां। इन विलक्षण विशिष्टताओं के अतिरिक्त यह पूरा क्षेत्र अपनी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि तथा पुरातत्व अवशेषों के कारण भी प्रसिद्ध है। पंजाब की पहाड़ी रियासतों में से एक रह चुके चंबा का लंबा इतिहास है। प्राचीन काल में इस रियासत की राजधानी ब्रह्मपुर यानी भरमौर थी। कहते हैं दसवीं शताब्दी में यहां के राजा साहिल वर्मा ने अपनी पुत्री चंपावती की इच्छा पर इस मनोरम स्थान पर नगर बसाकर उसका नाम चम्पा रख दिया और अपनी राजधानी भी यहां स्थानांतरित कर ली। एक और जनश्रुति है कि कभी यह स्थान चंपक वनों से सुशोभित था। तब इसकी संरक्षक देवी चंपा थीं। राजा ने एक बार युद्ध में विजय के बाद यहां देवी का मंदिर बनवाया और नगर बसाकर उसका नाम चंपा रखा। वही चंपा बाद में चंबा कहलाने लगा।


मंदिरों का शहर चंबा:-
चंबा शहर के आरंभ में छोटा सा बस स्टैंड तथा एक बाजार है। उससे कुछ आगे शहर का मुख्य हिस्सा शुरू हो जाता है। वहां कई साफ-सुथरे होटल हैं। चंबा की सैर के लिए निकलते समय सामने घास का बड़ा सा मैदान नजर आता है। यह मैदान चौगान कहलाता है। यहां से पहाड़ी पर बसा पूरा चंबा शहर नजर आता है। कभी यहां के राजाओं का पोलो ग्राउंड रहा यह मैदान आज एक विशाल उद्यान और मेला मैदान है। इसके सामने सड़क पर सरकारी कार्यालय और होटल हैं। दूसरी तरफ एक सड़क है, जिस पर पर्यटन विभाग का कैफेटेरिया रावी व्यू है। यहां से गहराई में बहती रावी नदी का दृश्य देखते ही बनता है। बड़ा बंघाल से निकलने वाली यह नदी अपने साथ बुढल, तुन्दाह, साहो और सियूल जैसी कई छोटी नदियों का जल भी समेट कर लाती है। रावी नदी का प्राचीन संस्कृत नाम इरावती है।

चंबा को मंदिर नगरी भी कहा जाता है। यहां कई ऐतिहासिक मंदिर हैं। इनमें लक्ष्मी नारायण मंदिर सबसे महत्वपूर्ण है। यह छह बड़े और कुछ छोटे मंदिरों का समूह है। जो धार्मिक आस्था तथा स्थापत्य कला, दोनों ही दृष्टिकोण से अद्वितीय हैं। प्रवेशद्वार के बाहर एक ऊंचे स्तंभ पर धातु की बनी गरुड़ की प्रतिमा है। अंदर प्रांगण में तीन मंदिर भगवान विष्णु को समर्पित हैं और तीन भगवान शिव को। इनमें लक्ष्मी नारायण जी को समर्पित मंदिर सबसे बड़ा तथा प्राचीन है। इसके आसपास ही क्रमश: श्री राधाकृष्ण मंदिर, श्री चंद्रगुप्त, श्री गौरीशंकर, श्री त्रयम्बकेश्वर और लक्ष्मी दामोदर मंदिर हैं। श्री लक्ष्मी नारायण एवं श्री चंद्रगुप्त मंदिर 10वीं शताब्दी में राजा साहिल वर्मा द्वारा बनवाए गए थे। शेष मंदिर बाद के राजाओं के काल में बने। शिखर शैली में बने इन मंदिरों के ऊपर कलश हैं जिनके नीचे स्लेट पत्थर की छतरी बनी है। मंदिर के किनारों पर तथा आगे-पीछे गवाक्ष बने हैं। इनमें सुंदर मूर्तियां स्थित हैं। लक्ष्मी नारायण मंदिर में भगवान की चार मुख और चार भुजाओं वाली मानवाकार प्रतिमा है। संगमरमर की यह प्रतिमा कश्मीर शैली में बनी है। प्रतिमा के पीछे बने तोरण पर विष्णु दशावतार का वर्णन है। इस प्रतिमा को बैकुंठ भी कहते हैं। प्रांगण में एक हनुमान मंदिर तथा कुछ नंदी गणों के मंदिर भी हैं। ये सभी मंदिर पुरातत्व विभाग के संरक्षण में हैं।



मणि महेश झील:-
मणिमहेश यहां के पर्वतों में स्थित सुंदर झील है। यहां हर साल भव्य मेला लगता है। यहां हर वर्ष अगस्त में मणिमहेश यात्रा के लिए भीड़ जुटती है। 3,950 मी. की ऊंचाई पर लाहौल स्पीती की दिशा में ब्रम्हौर या भारमौर से 35 कि.मी. दूर मणि महेश नाम की एक विस्तृत रमणीय एवं पौराणिक झील है, जिसके पानी में कैलाश पर्वत का प्रतिबिम्ब नैसर्गिक सौंदर्य की अनुभूति कराता है। इस झील के पास बना मणि महेश मंदिर हिमालय के सबसे प्राचीन एवम् सुंदरतम मंदिरों में से है। इस, मंदिर में श्वेत लिंग की प्रतिमा एवं मर्दिनी की पीतल की प्रतिमा है। यहां जन्माष्टमी के पन्द्रह दिन बाद प्रति वर्ष तीर्थ यात्रियों का मेला लगता है। यात्री इसके जल में स्नान कर मंदिर में पूजा करते हैं। मणि महेश के समीप कैलाश पर्वत 5,575 मी. की ऊंचाई पर है।

राजाओं का ऐतिहासिक अखंड चंडी महल:-
पर्वतीय शैली में बना यह महल राजस्थान के महलों जैसा भव्य नहीं है। किंतु पहाड़ी स्थापत्य के पुरातत्व महत्व की यह एक महत्वपूर्ण इमारत है। उस दौर की तमाम वस्तुएं यहां संग्रहालय में हैं। रंगमहल भी यहां की एक ऐतिहासिक इमारत है। इस इमारत में हिमाचल हस्तशिल्प एवं हथकरघा निगम का कार्यालय भी है।

पहाड़ी पर स्थित चामुंडा देवी मंदिर:-
लगभग 400 सीढ़ी तय करके मंदिर प्रांगण में पहुंचा जा सकता है। शिखर शैली के मंदिरों से अलग यह मंदिर पहाड़ी शैली का बना है। विशिष्ट पहाड़ी स्थापत्य कला में भवन व मंदिर निर्माण में ढलावदार छत होती थी। ताकि हिमपात होने पर उन पर बर्फ न ठहर सके। अधिकतर मंदिर एक छत वाले होते थे। इनके निर्माण में लकड़ी का प्रयोग अधिक होता था। चामुंडा मंदिर के गर्भगृह की दीवारें भी लकड़ी और पत्थर की बनी हैं। मंदिर में देवी की सुंदर प्रतिमा विद्यमान है। बाहरी दीवारों पर देवी के अन्य रूप चित्रित हैं। चंबा के राजाओं की अधिष्ठात्री देवी चामुंडा के इस प्राचीन मंदिर के परिसर से रावी घाटी का विहंगम दृश्य भी नजर आता है। करीब एक किलोमीटर दूर दूसरी पहाड़ी पर सूही माता मंदिर है। यह मंदिर एक प्रकार से रानी सूही का स्मारक है। बताते हैं 10वीं शताब्दी में नगर स्थापना के समय रानी सूही का बलिदान देने पर यहां जल की धारा पहुंच सकी थी। इस मंदिर पर हर वर्ष एक मेला लगता है। सूही मेले के अवसर पर यहां की लड़कियां रानी सूही की प्रशंसा में गीत गाती हैं। इन पारंपरिक गीतों को घुरेई कहते हैं। चंबा में अन्य दर्शनीय मंदिर, हरिराय मंदिर, बज्रेश्वरी देवी मंदिर, चंपावती मंदिर और शीतला माता मंदिर हैं। धार्मिक आस्था से जुड़े चंबावासियों के जीवन में त्योहारों और मेलों का खास महत्व है। इन अवसरों पर नृत्यगान, वेशभूषा और राग-रंग के रूप में जनसाधारण का उल्लास और मेल-मिलाप देखते ही बनता है। लोहड़ी और बैसाखी पर्व यहां धूमधाम से मनाते हैं।

चंबा की संस्कृति:-
चंबा की संस्कृति की बात हो तो मिंजर मेले का नाम सबसे पहले यहां के लोगों की जुबान पर आता है। पूरे चंबा जनपद के लोग बड़ी व्यग्रता से इस मेले की प्रतीक्षा करते हैं। भावपूर्ण और मधुर गीत गाते हुए ये लोग समूह में जुटकर मेले में पहंुचते हैं। कृषि से जुड़ा यह ऐतिहासिक मेला हर वर्ष सावन माह में मनाया जाता है। मक्की पर जब मिंजर फूलती है तो कृषक उल्लास से भर उठते हैं। इसी उल्लास ने इस मेले की परंपरा को जन्म दिया। पारंपरिक परिधान पहने लोग मंदिरों में पूजा आदि करते हैं। इस मौके पर मित्रों और संबंधियों को मिठाई और मिंजर भेजी जाती है। महल से आरंभ होने वाली देवी-देवताओं की शोभायात्रा चौगान तक आती है। उस समय चौगान में उमड़ी भीड़ का दृश्य देखने योग्य होता है। सप्ताह भर तक चलने वाले मिंजर मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होते हैं। लोकवाद्यों पर कुंजड़ी, मल्हार तथा अन्य मौसमी गीत गाए जाते हैं। जिनके साथ लोकनृत्य किए जाते हैं।

चंबा-कला की विशिष्ट कांगड़ा-शैली:-
संस्कृति के साथ ही कला की दृष्टि से भी समूचा चंबा क्षेत्र समृद्ध है। कांगड़ा शैली की गुलेर चित्रकला यहां की विशिष्ट कला है। राजभवनों और मंदिरों में कई सदियों तक भित्तिचित्र परंपरा कायम थी। आज भी कुछ प्राचीन भित्तिचित्र यहां देखे जा सकते हैं। धातु मूर्तिकला के मामले में यहां के शिल्पकारों की खास पहचान थी। छठी सदी से शुरू हुई यह परंपरा आज भी जीवित है। चंबा चप्पल तथा चंबा रुमाल यहां की यादगार वस्तुओं में गिनी जाती हैं। दो तरफा कशीदाकारी की अनोखी शैली के कारण चंबा रुमाल पूरे देश में प्रसिद्ध हैं। राजघरानों के प्रश्रय में फलती-फूलती रही यह परंपरा आज की युवतियों द्वारा भी अपनाई गई है। इन रुमालों पर रेशमी धागों के सुंदर संयोजन से गद्दी युगल, पौराणिक चरित्र, पशु-पक्षी एवं प्राकृतिक दृश्य बनाए जाते हैं।
चंबा की कला और संस्कृति के इतिहास को समझने के लिए भूरीसिंह संग्रहालय में चंबा की ऐतिहासिक स्मृतियों के कई साक्ष्य मौजूद हैं। यहां के संग्रह में चंबा व आसपास के क्षेत्रों से प्राप्त प्राचीन शिलालेख, पनघट शिलाएं, मूर्तियां, पांडुलिपियां शामिल हैं। कांगड़ा और गुलेर शैली के लघु चित्र, राजाओं के वस्त्र-आभूषण, बर्तन, शस्त्र, सिक्के और चंबा रुमाल आदि कई चीजें महलों से लाकर यहां रखी गई हैं। संग्रहालय का वर्तमान भवन तो 1985 में बना, किंतु इसकी स्थापना 1908 में राजा भूरीसिंह ने की थी। चंबा आने वाले पर्यटक सरोल, सलूनी और भरमौर भी जा सकते हैं। भरमौर पुरातत्व महत्व के 84 मंदिरों के लिए मशहूर है। 




कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें